सेंट अलायसियस स्कूल में धर्म परिवर्तन के आरोपों पर हंगामा, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर। मध्य प्रदेश के रिमझा स्थित सेंट अलायसियस स्कूल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब स्कूल प्रबंधन पर कर्मचारियों को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए गए। इन आरोपों के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और महिलाएं स्कूल परिसर पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

विवाद उस समय सामने आया, जब स्कूल के कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। कर्मचारियों का दावा है कि उनसे कहा गया कि धर्म परिवर्तन करने पर नौकरी जारी रहेगी, जबकि मना करने पर नौकरी से निकालने की चेतावनी दी गई। कुछ कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें विभिन्न तरह के प्रलोभन दिए गए।

स्कूल के कर्मचारी अमन अहिरवार और राकेश कुमार का कहना है कि उन्होंने धर्म परिवर्तन से इनकार किया, जिसके बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। उनका आरोप है कि अब उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

इन आरोपों की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिसर में लगे कुछ बैनर और पोस्टर हटाए गए तथा बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाने की भी खबर सामने आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों पर दबाव डालकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही थी और उन्होंने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायतें प्राप्त हुई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *