कांग्रेस नेता अनवर कादरी उर्फ ‘अनवर डकैत’ गिरफ्तार, फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

इंदौर। मध्य प्रदेश में फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर बाजार थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कांग्रेस नेता अनवर कादरी उर्फ ‘अनवर डकैत’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जम्मू-कश्मीर से कथित तौर पर फर्जी हथियार का लाइसेंस बनवाने और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं।

जानकारी के मुताबिक, फरवरी 2025 में अनवर कादरी के खिलाफ मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस बंदूक का इस्तेमाल किया जा रहा था, उसका लाइसेंस संदिग्ध है। जांच में सामने आया कि लाइसेंस कथित तौर पर जम्मू-कश्मीर से फर्जी तरीके से बनवाया गया था। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनवर कादरी के खिलाफ पहले से ही 27 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं, जिनमें कई गंभीर धाराएं भी शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर फर्जी आर्म्स लाइसेंस तैयार करने वाले पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *