सतवास में 3 साल के मासूम अयनांश की तलाश खत्म, हादसे के 3 किलोमीटर दूर मिला शव; SDRF की सर्चिंग के दौरान हुई बरामदगी

देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र के मोहाई जागीर गांव में नाले में बहे 3 साल के मासूम अयनांश की तलाश आखिरकार खत्म हो गई है। करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने मासूम का शव बरामद कर लिया है।

बताया जा रहा है कि अयनांश बच्चों के साथ घर के पास टहलते हुए नाले की ओर चला गया था। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ा और तेज बहाव की चपेट में आने से वह पानी में बह गया। अयनांश का घर घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। टीम ने पहले नाव की मदद से नाले में करीब 5 से 7 किलोमीटर तक सर्चिंग की। इसके बाद नाले के आसपास पैदल और झाड़ियों में भी मासूम की तलाश की जा रही थी।

SDRF की टीम लकड़ियों के सहारे पानी और आसपास के हिस्सों को खंगालते हुए लगातार आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान हादसे वाली जगह से करीब 3 किलोमीटर दूर पानी में मासूम अयनांश का शव दिखाई दिया।

शव दिखाई देते ही SDRF की टीम ने उसे पानी से बाहर निकाला। मासूम का शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया। लंबे समय से चल रही तलाश अब खत्म हो गई है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *