भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मौसम बदलते ही स्वाइन फ्लू और मौसमी फ्लू का संक्रमण तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख अस्पतालों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ने की बात सामने आई है।
जेपी अस्पताल, हमीदिया और AIIMS में बढ़ी मरीजों की भीड़
भोपाल के जेपी अस्पताल, हमीदिया अस्पताल और AIIMS में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक ओपीडी में आने वाले करीब हर चौथे मरीज में सर्दी, खांसी, बुखार या स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि भोपाल में अब तक स्वाइन फ्लू के 6 मामले सामने आए हैं और जानकारी के मुताबिक सभी मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
डॉक्टरों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अगर तेज या लगातार बुखार बना हुआ है, खांसी बढ़ती जा रही है, सांस लेने में तकलीफ हो रही है, सीने में दर्द या दबाव महसूस हो रहा है या ऑक्सीजन लेवल गिर रहा है, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की है। बदलते मौसम में सावधानी और समय पर इलाज ही संक्रमण से बचाव का सबसे अहम तरीका माना जा रहा है।

