टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बार फिर सादगी भरा और देसी अंदाज देखने को मिला। टीकमगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने अचानक अपना काफिला रुकवाया और एक स्थानीय लस्सी की दुकान पर पहुंच गए।
मुख्यमंत्री ने दुकान पर बैठकर ठंडी-ठंडी लस्सी का स्वाद लिया और इसकी जमकर तारीफ भी की। इस दौरान दुकान पर मौजूद लोगों में मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने सीएम से सहज अंदाज में बातचीत भी की।
दुकानदार ने पैसे लेने से किया इनकार, CM ने फिर भी किया भुगतान
लस्सी पीने के बाद जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुकानदार को पैसे देने लगे तो दुकानदार ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। हालांकि मुख्यमंत्री बिना भुगतान किए वहां से नहीं गए और लस्सी के पैसे दिए।
मुख्यमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लस्सी पीते हुए उनका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों और कारोबारियों से की चर्चा
टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और छोटे कारोबारियों से भी मुलाकात कर बातचीत की। उन्होंने बुंदेलखंड की समृद्ध खानपान परंपरा की सराहना की और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय व्यवसायों को आगे बढ़ाने में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएम का अचानक दुकान पर रुकना और स्थानीय लोगों के साथ घुल-मिल जाना उनके इस दौरे की खास तस्वीर बन गया।

