कलेक्टर बने प्राइमरी टीचर! आंगनवाड़ी में बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाया ‘क से कबूतर’, A for Apple… फिर चखा भोजन

 शहडोल। शहडोल में उस वक्त नजारा बेहद खास हो गया, जब जिले के कलेक्टर पार्थ जायसवाल अचानक अधिकारी से शिक्षक की भूमिका में नजर आए। सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के बीच जाकर बैठ गए और मासूमों को पढ़ाना शुरू कर दिया।

कलेक्टर ने बच्चों को हिंदी वर्णमाला में ‘क से कबूतर’ पढ़ाया तो अंग्रेजी में A for Apple भी सिखाया। उन्होंने बच्चों से सवाल किए और उनकी पढ़ाई से जुड़ी जानकारी भी ली। कलेक्टर को अपने बीच शिक्षक के रूप में देखकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए और पूरे उत्साह के साथ उनके सवालों के जवाब दिए।

विधायक और कमिश्नर के साथ चखा बच्चों के भोजन का स्वाद

आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पार्थ जायसवाल के साथ विधायक मनीषा सिंह और कमिश्नर सुरभि गुप्ता भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन का स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।

भोजन चखने के दौरान कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने खाने के स्वाद को लेकर प्रतिक्रिया दी और बताया कि इसमें नमक कुछ कम है। इसके बाद भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत कर्री में संचालित सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र में हुए इस निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों का बच्चों के साथ आत्मीय अंदाज देखने को मिला। कलेक्टर का बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाना और अधिकारियों का खुद भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखना अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *