बागली में दूध गर्म करते ही बना रबड़-जैली! चिंगम की तरह खिंचा दूध, मिलावट के आरोपों से मचा हड़कंप

बागली (देवास)। देवास के बागली से सामने आया दूध का एक हैरान करने वाला मामला इन दिनों चर्चा में है। दावा है कि दूध को गर्म करने के बाद वह फटने या मावा बनने के बजाय रबड़ जैसी जैली में बदल गया। इतना ही नहीं, इसे हाथ से खींचने पर यह चिंगम की तरह लंबा खिंचता हुआ नजर आया। इस अजीबोगरीब दूध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब दूध की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बागली से सटे ग्राम छतरपुरा निवासी राहुल पाटीदार के मुताबिक, उन्होंने बागली की एक निजी दूध डेयरी से दूध खरीदा था। घर पहुंचकर जब दूध को गर्म किया गया तो उसकी यह अजीब स्थिति सामने आई। राहुल का कहना है कि उन्होंने जब इसकी शिकायत डेयरी संचालक से की तो संचालक ने इसे गाय के दूध की तासीर का असर बताया। हालांकि राहुल के मुताबिक, 4 से 5 अन्य लोगों ने भी इसी तरह के दूध की शिकायत की है।

इस मामले ने इसलिए भी चिंता बढ़ाई है क्योंकि इससे पहले भारतीय किसान संघ की ओर से हाटपीपल्या तहसीलदार को ज्ञापन देकर क्षेत्र में केमिकलयुक्त दूध, मिलावटी मावा और पनीर की बिक्री की शिकायत की जा चुकी है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर दूध की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतों के बावजूद निगरानी कितनी प्रभावी है?

मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने संबंधित डेयरी और दूध के सैंपल लेकर जांच कराने की बात कही है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि दूध में वास्तव में किसी तरह की मिलावट थी या नहीं। इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सैंपल की रिपोर्ट कब सामने आती है और अगर जांच में मिलावट की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है? फिलहाल वायरल वीडियो ने बागली में बिक रहे दूध की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर जरूर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *