भोपाल। उज्जैन के मंगलनाथ रोड स्थित सांदीपनि आश्रम में 4 सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली माने जाने वाले इस पवित्र आश्रम में जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
बारिश को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मंदिर परिसर में वाटरप्रूफ शेड तैयार किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जन्मोत्सव के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के साथ-साथ बलराम, सुदामा, गुरु सांदीपनि और गुरु माता के लिए विशेष नीले रंग के मखमली वस्त्र तैयार करवाए जा रहे हैं। वहीं पालने में विराजने वाले लड्डू गोपाल के लिए सफेद और गुलाबी रंग के आकर्षक परिधान तैयार किए जा रहे हैं।
पंडित राहुल व्यास के मुताबिक, हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने परिवार के साथ रात 12 बजे होने वाली विशेष आरती में शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
सांदीपनि आश्रम का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इसी स्थान पर गुरु सांदीपनि से शिक्षा प्राप्त की थी। यही वजह है कि जन्मोत्सव के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
जन्मोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं भीड़, बारिश और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति व्यापक इंतजाम कर रही है, ताकि जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भव्यता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

