कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी संजना जाटव की ग्वालियर बैठक, बोलीं पार्टी छोड़ने वालों से कोई फर्क नहीं, दिग्गी के पोस्ट और मुकेश नायक के इस्तीफे पर रखी बात

ग्वालियर। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव, मध्यप्रदेश सह-प्रभारी और भरतपुर सांसद संजना जाटव ग्वालियर पहुंचीं, जहां शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने एक अहम बैठक ली। इस बैठक में ग्वालियर से राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष, जिले के विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन को मजबूत करने और एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर हुई इस बैठक में संजना जाटव ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में कांग्रेस हमेशा मजबूत रही है और सभी को मिलकर पार्टी की ताकत बनाए रखनी होगी। पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को लेकर उन्होंने साफ कहा कि जो लोग पार्टी छोड़ गए हैं, उनसे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता।

मुकेश नायक के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर संजना जाटव ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। वहीं दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस और बीजेपी की तारीफ करते हुए किए गए ‘जय श्रीराम’ वाले पोस्ट पर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत पोस्ट है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी राम जी जैसे मुद्दों को आगे लाकर जनता का ध्यान असली सवालों से भटकाने का काम करती है और समय आने पर जनता ही उन्हें जवाब देगी।

इस बैठक में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह के साथ कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष, विधायक सतीश सिकरवार, विधायक सुरेश राज, विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव सहित पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *