हरदा। जिले में सांसद निधि से बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय अब सुविधा कम और सवाल ज्यादा खड़े कर रहे हैं बैतूल हरदा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके की सांसद निधि से साल 2024 से 2026 के बीच करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 52 प्रतीक्षालय स्वीकृत किए गए थे कागजों में यह योजना यात्रियों की सुविधा के लिए थी लेकिन जमीनी हकीकत कई जगह बिल्कुल उलट नजर आ रही है।
सिराली तहसील के ग्राम पीपल्या में तो हालात और भी चौंकाने वाले हैं जहां एक ही जगह पर विधायक और सांसद निधि से आमने सामने दो प्रतीक्षालय बना दिए गए ग्रामीणों का कहना है कि एक प्रतीक्षालय ही काफी था लेकिन प्रतिस्पर्धा में जनधन का दोहरा खर्च कर दिया गया।
ग्राम खिड़की में पंचायत परिसर के भीतर प्रतीक्षालय खड़ा कर दिया गया जबकि असली बस स्टॉप मुख्य सड़क पर करीब एक किलोमीटर दूर है वहीं ग्राम गांगला में स्टेट हाईवे से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर प्रतीक्षालय बना दिया गया जहां बसों का संचालन ही नहीं होता स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां जरूरत थी वहां निर्माण नहीं हुआ और जहां जरूरत नहीं थी वहीं लाखों रुपये खर्च कर दिए गए।
आंकड़ों पर नजर डालें तो एक प्रतीक्षालय पर औसतन करीब ढाई लाख रुपये खर्च हुए हैं इस पूरे मामले पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जांच के निर्देश देने की बात कही है फिलहाल खाली पड़े ये प्रतीक्षालय खुद ब खुद सवाल खड़े कर रहे हैं कि जनसुविधा के नाम पर बनी यह योजना कहीं कागजों तक ही तो सीमित नहीं रह गई।

