बॉलीवुड एक्टर Rajpal Yadav को चेक बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। साल 2012 की फिल्म अता पता लापता से जुड़े केस में 5 फरवरी को उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। 16 फरवरी को हुई सुनवाई में अदालत ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है, जिससे वे अपनी भतीजी की शादी में शामिल हो सकेंगे।
दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम राहत दी है। कोर्ट ने शर्त रखी थी कि प्रतिवादी के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट दोपहर 3 बजे तक जमा कराया जाए। अदालत ने साफ कहा था कि तय समय तक डीडी जमा होने पर ही रिहाई संभव होगी, अन्यथा अगली सुबह सुनवाई की जाएगी। बाद में उनके वकील ने अदालत को जानकारी दी कि 1.5 करोड़ रुपये की डीडी जमा करा दी गई है, जिसके बाद उन्हें अंतरिम रिहाई मिल गई। हालांकि, उन्हें अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश भी दिया गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
5 फरवरी को सरेंडर करते समय राजपाल यादव ने भावुक बयान दिया था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें खुद ही इस समस्या से निपटना होगा। उनका यह बयान सामने आने के बाद कई फिल्मी हस्तियां मदद के लिए आगे आईं। उनके मैनेजर के मुताबिक Salman Khan, Sonu Sood, Ajay Devgn, Varun Dhawan और फिल्ममेकर David Dhawan ने आर्थिक सहयोग किया।
दरअसल, मामला साल 2012 का है जब राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और रकम वापस न कर पाने के कारण मामला अदालत तक पहुंच गया। 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई थी। 2019 में सेशन कोर्ट ने भी सजा बरकरार रखी। बाद में हाई कोर्ट में अपील की गई। जून 2024 में अदालत ने सजा पर अस्थायी रोक लगाते हुए बकाया रकम चुकाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा था, जो बढ़कर करीब नौ करोड़ रुपये हो चुकी थी। लेकिन 2 फरवरी को हाई कोर्ट ने यह कहते हुए सरेंडर का निर्देश दिया कि उन्होंने भुगतान को लेकर दिए गए वादों का पालन नहीं किया। अब अंतरिम जमानत के साथ उन्हें अस्थायी राहत जरूर मिली है, लेकिन कानूनी लड़ाई अभी बाकी है।

