उत्तर प्रदेश के खागा कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह के दौरान मामूली सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। जयमाला हो चुकी थी, रस्में चल रही थीं, लेकिन मंडप के पास बंधे एक कुत्ते को लेकर ऐसा विवाद भड़का कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। भोर के समय कुछ रस्में जारी थीं, तभी दुल्हन पक्ष ने मंडप से कुछ दूरी पर अपने पालतू कुत्ते को बांध दिया। इसी दौरान कुत्ता बारात पक्ष के एक युवक को देखकर भौंकने लगा। आरोप है कि युवक ने गुस्से में आकर कुत्ते को मार दिया।
कुत्ते को पीटता देख लड़की पक्ष के लोग भड़क गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और कुर्सियां तक फेंकी गईं। इस झगड़े में लड़की पक्ष के तीन लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि दूल्हा पक्ष के दो लोग भी घायल हुए। सभी घायलों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आखिरकार दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन को साथ लिए ही बारात वापस ले गया। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया और सामान लौटवाया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन यह शादी अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।

