एमपी ब्रेकिंग, हेमंत कटारे ने उपनेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, बताई बड़ी वजह

 भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमंत कटारे ने उपनेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सौंप दिया है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने इस्तीफे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हेमंत कटारे ने अपने पत्र में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी को इस्तीफे की मुख्य वजह बताया है। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसलिए उन्होंने उपनेता प्रतिपक्ष के पद से हटने का निर्णय लिया।

डॉ. संजय कामले ने यह भी स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, पार्टी की सदस्यता से नहीं। हेमंत कटारे कांग्रेस पार्टी के साथ पहले भी थे, अभी भी हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जुड़े रहेंगे। अब उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं, यह निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष के विवेकाधिकार पर निर्भर करेगा। मध्य प्रदेश की राजनीति में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है और आगे की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *