लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 2 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार

मुरैना। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का एक और मामला सामने आया है। मुरैना तहसील कार्यालय में राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।

जानकारी के मुताबिक, फरियादी संतोष कुशवाहा ने ग्वालियर लोकायुक्त से शिकायत की थी कि जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए आरआई राकेश जैन ने उनसे 2 हजार रुपये की घूस मांगी है। शिकायत मिलते ही लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और पूरी योजना के तहत कार्रवाई की तैयारी की।

बताया गया कि आरोपी पहले ही एक हजार रुपये की पहली किश्त ले चुका था। जैसे ही उसने दूसरी किश्त के रूप में एक हजार रुपये और लिए, लोकायुक्त की टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह पूरी कार्रवाई मुरैना तहसील कार्यालय में हुई, जहां आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। यह घटना एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोलती है, जहां आम नागरिकों से बुनियादी दस्तावेज बनाने के लिए भी रिश्वत की मांग की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *