भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से धर्मांतरण और दुष्कर्म मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है।
जो कहानी अब तक अलग-अलग शहरों में दर्ज मामलों के रूप में दिख रही थी, वह दरअसल एक संगठित रैकेट का हिस्सा बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि पूरा नेटवर्क भोपाल से ऑपरेट किया जा रहा था।
आरोप है कि दो सगी बहनें, अमरीन और आफरीन, इस रैकेट की मुख्य कड़ी थीं। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवकों के अश्लील वीडियो बनाती थीं और बाद में उन्हीं वीडियो के आधार पर उन पर दबाव बनाया जाता था।
मामला यहीं तक सीमित नहीं था। सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग शहरों, यहां तक कि अहमदाबाद समेत कई जगहों पर केस दर्ज करवाए गए। इन मामलों को कानूनी रूप देने के बाद समझौते या राजीनामे के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
युवकों पर झूठे मुकदमों का डर दिखाकर उन्हें मानसिक और कानूनी दबाव में रखा जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन-किन शहरों में और कितने लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कराए गए।
अब तक पुलिस को दो युवकों की पुष्टि हुई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अमरीन और चंदन की चार दिन की और रिमांड ली है, ताकि पूछताछ के जरिए इस रैकेट से जुड़े हर नाम और हर कड़ी को सामने लाया जा सके।
फिलहाल पूरे मामले ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, और आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

