21 लाख के दान पर मंदिर में खूनी संघर्ष! महंत और पुजारी पक्ष में चलीं लाठियां, 5 लोग घायल

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करेरा स्थित प्रसिद्ध बगीचा सरकार हनुमान मंदिर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां भक्ति और आस्था के केंद्र में शनिवार रात जमकर बवाल हुआ। मंदिर परिसर में महंत और पुजारी पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में करीब 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक विवाद की जड़ 21 लाख रुपये का दान और मंदिर की आय को लेकर बताया जा रहा है। बताया गया है कि राम जानकी मंदिर के पुजारी भोला पंडित ने मंदिर के एक कार्यक्रम के लिए 21 लाख रुपये दान दिए थे। इसके बाद से मंदिर के संचालन और आय को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ने लगा।

आरोप है कि दान के बाद पुजारी पक्ष ने राम जानकी मंदिर पर अपना प्रभाव बढ़ा लिया और मंदिर से होने वाली आय पर नियंत्रण करने लगा। इसी विवाद को सुलझाने के लिए शनिवार रात बैठक बुलाई गई थी।

लेकिन बैठक के दौरान माहौल अचानक गरमा गया। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदिर परिसर में जमकर लाठियां चलीं, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

धार्मिक स्थल पर हुए इस विवाद ने लोगों को हैरान कर दिया है और अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर आस्था के केंद्र में इतनी बड़ी हिंसा कैसे हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *