उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में मिलावटी और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत बड़नगर में दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 372 लीटर घी जब्त किया गया है। अब इन घी के नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त और जिला कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान टीम सबसे पहले बड़नगर के नयापुरा स्थित जय भारत एजेंसी पहुंची। यहां ‘श्री कृष्णा देसी घी’ के अलग-अलग पैक में बड़ी मात्रा में स्टॉक मिला। जांच के दौरान पता चला कि यह घी इंदौर की एक फर्म से करीब 360 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा गया था। बाजार कीमत की तुलना में यह दर काफी कम होने पर अधिकारियों को गुणवत्ता पर संदेह हुआ।
इसके बाद विभाग ने करीब 337 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है, जब्त कर लिया और उसके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
इसके बाद टीम ने महात्मा गांधी रोड स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की। यहां ‘डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी’ का 35 लीटर स्टॉक मिला। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर करीब 16 हजार रुपये से अधिक कीमत का यह घी भी जब्त कर लिया गया और उसके नमूने भी जांच के लिए भेज दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि घी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरता, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

