फर्जी एक्सीडेंट क्लेम का करोड़ों का खेल बेनकाब! CBI की बड़ी कार्रवाई, सर्वेक्षक और गैरेज मालिकों पर FIR

ग्वालियर। फर्जी एक्सीडेंट क्लेम के जरिए करोड़ों रुपये की बीमा राशि हड़पने वाले एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। इस मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वालियर के दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में कुछ सरकारी कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

यह कार्रवाई ‘द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी’ की शिकायत के बाद की गई। कंपनी के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से दी गई शिकायत और आंतरिक जांच रिपोर्ट में सामने आया कि साल 2021 से 2024 के बीच आरोपियों ने ऑनलाइन सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर फर्जी एक्सीडेंट क्लेम का बड़ा खेल खेला।

जांच के मुताबिक आरोपियों ने पुरानी तस्वीरों, फर्जी बिलों और कथित रूप से तैयार किए गए दस्तावेजों के आधार पर कुल 411 बीमा क्लेम पास करवा लिए। इन क्लेम के जरिए करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल कर ली गई।

सीबीआई की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क में केवल बाहरी लोग ही नहीं, बल्कि सर्वेक्षक और कुछ गैरेज मालिक भी कथित तौर पर शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और बीमा क्लेम पास कराने की साजिश रची।

जांच एजेंसी को इस मामले में कुछ सरकारी कर्मचारियों और अन्य निजी व्यक्तियों की भूमिका पर भी संदेह है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बिना भौतिक सत्यापन के इतनी बड़ी संख्या में बीमा क्लेम आखिर कैसे स्वीकृत हो गए।

फिलहाल सीबीआई पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *