मौत से पहले दर्दभरा स्टेटस, फिर उठाया खौफनाक कदम

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जराहमोहगांव के लाखीटोला में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि 36 वर्षीय श्याम नागेंद्र अपने पांच साल के बेटे वंश और तीन साल की बेटी भुवी को लेकर सोमवार शाम घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बाद में गांव के बाहर एक कुएं के पास उसकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली। अगले दिन जब तलाश तेज की गई तो उसी कुएं से श्याम और दोनों बच्चों के शव बरामद हुए।

सबसे दर्दनाक बात यह रही कि पिता ने दोनों मासूम बच्चों को दुपट्टे से अपनी कमर में बांध रखा था। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस का मानना है कि श्याम ने बच्चों के साथ आत्महत्या की है, हालांकि इसके पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

जानकारी के मुताबिक श्याम नागेंद्र एलआईसी ऑफिस में काम करता था और उसने कुछ दिन पहले ही नौकरी छोड़ी थी। वह हाल ही में अपनी पत्नी के मायके में आयोजित एक शादी समारोह में भी शामिल हुआ था। परिजनों का कहना है कि वह किसी तरह के तनाव में नहीं दिख रहा था और ना ही परिवार में किसी चीज की कमी थी।

इस घटना के बाद एक सोशल मीडिया स्टेटस भी चर्चा में है, जिसे श्याम ने मौत से एक दिन पहले लगाया था। उस स्टेटस में लिखा था — “नहीं है जीने की आरजू…” अब यही लाइन कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पिता ने अपने ही बच्चों के साथ जिंदगी खत्म करने जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और अब हर किसी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जो इस दर्दनाक घटना की असली वजह सामने ला सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *