भोपाल में AI का खौफनाक खेल! नाबालिग छात्रा को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी, ब्लैकमेलिंग से परेशान 11वीं की छात्रा ने लगाई फांसी

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के खतरनाक इस्तेमाल का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने कथित ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि दो युवक एआई तकनीक का इस्तेमाल कर छात्रा की फोटो को अश्लील रूप में एडिट कर वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

मामला भोपाल के Aishbagh थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक दोनों युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लेकर उन्हें एआई के जरिए एडिट किया गया और फिर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था।

परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी स्कूल के बाद भी छात्रा का पीछा करते थे, जिससे वह काफी डरी और तनाव में रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन छात्रा ने अपनी छोटी बहन को कमरे से बाहर भेजा और फिर फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। थाने के बाहर काफी देर तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा।

फिलहाल Madhya Pradesh Police ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ एआई तकनीक के इस्तेमाल के पहलू को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *