लखनऊ। केंद्र सरकार ने देश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और ज्यादा मजबूत और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने SARTHAK-PDS फेज-2 योजना के लिए 25 हजार 530 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इस फैसले को देश के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला देश के 81 करोड़ से अधिक जरूरतमंद नागरिकों की खाद्य सुरक्षा को और मजबूत करेगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS को नई दिशा देगा और गरीबों तक सम्मानपूर्वक अन्न पहुंचाने के संकल्प को और मजबूत बनाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि AI और आधुनिक तकनीकों से लैस यह नई व्यवस्था राशन वितरण प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाएगी। इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के साथ-साथ अंतिम व्यक्ति तक सही तरीके से खाद्यान्न पहुंचाना आसान होगा। सरकार का दावा है कि नई तकनीकों के जरिए राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया को हाईटेक और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस फैसले को गरीब कल्याण की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि 25 हजार 530 करोड़ रुपये की लागत से संचालित होने वाली यह योजना देशभर में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और मजबूत करेगी। साथ ही यह योजना ‘अंत्योदय’ और ‘गरीब कल्याण’ के संकल्प को नई मजबूती देने का काम करेगी।
सरकार का मानना है कि SARTHAK-PDS फेज-2 के लागू होने के बाद राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और करोड़ों लाभार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा। अब इस फैसले को मोदी सरकार के गरीब कल्याण एजेंडे के बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

