लखनऊ.समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार में विकास नहीं बल्कि भ्रष्टाचार डबल हो गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि जिस सरकार ने विकास के बड़े-बड़े दावे किए थे, वही अब भ्रष्टाचार की जांच के लिए नई-नई व्यवस्थाएं बनाने में जुटी हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस प्रदेश में युवाओं के भविष्य के लिए आईआईटी जैसे संस्थान बनाए गए थे, वहां अब भ्रष्टाचार की जांच के लिए एसआईटी बनानी पड़ रही है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या और श्रीराम मंदिर से जुड़ी खबरों ने भगवान राम को मानने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को दुखी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे के पैसे में गड़बड़ी हुई है और इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने मिलकर भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी और यही गठबंधन विधानसभा चुनाव में भी कायम रहेगा। उनका दावा है कि आने वाले चुनाव में भी भाजपा को हराया जाएगा।
अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को खास संदेश देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कई ताकतें भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए सक्रिय होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए साजिश और षड्यंत्र का सहारा ले सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क रहना होगा और किसी भी भ्रम या अफवाह में नहीं आना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कोई पहचान नहीं थी, तो फिर योगी आदित्यनाथ को कौन जानता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान पहले भी थी और आगे भी रहेगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता, कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी के नेता भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को खाद और बीज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों, युवाओं और आम लोगों के मुद्दों पर सरकार जवाब देने की स्थिति में नहीं है। इसी वजह से आने वाले चुनाव में जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने जा रही है।

