खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह नगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जयंती माता रोड स्थित CISF की सुरक्षा बाउंड्री वॉल में लगा नुकीला सरिया एक 16 साल के किशोर के गले में इस तरह घुस गया कि वह जबड़े को चीरते हुए मुंह से बाहर निकल आया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 2 का रहने वाला टैटू नाम का किशोर अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे खेल रहा था। खेल के दौरान एक बच्चे की चप्पल CISF की ऊंची सुरक्षा दीवार के दूसरी तरफ जा गिरी। बच्चों के कहने पर टैटू दीवार पार कर चप्पल लेने गया और उसने चप्पल वापस फेंक दी। लेकिन जब वह दोबारा दीवार चढ़कर वापस आने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संतुलन बिगड़ते ही दीवार में लगा नुकीला सरिया सीधे उसके गले में घुस गया और जबड़े को चीरते हुए मुंह से बाहर निकल आया। यह खौफनाक मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कटर मशीन से सरिए को काटा गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तुरंत बड़वाह सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके के लोग सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बाउंड्री वॉल में खुले और नुकीले सरिए बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं और समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

