FB पर विदेशी महिला से दोस्ती करना पड़ा भारी: ‘लकी चार्ल्स’ के जाल में फंसा ग्वालियर का ठेकेदार, पाउंड्स बदलने के लालच में गंवा बैठा सवा लाख रुपये

ग्वालियर। ग्वालियर में सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती एक ठेकेदार के लिए भारी पड़ गई। फेसबुक पर विदेशी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना उसे लाखों की ठगी तक ले गया। लंदन की रहने वाली कथित महिला डॉक्टर ने भारत घूमने और ब्रिटिश पाउंड को भारतीय करेंसी में बदलने का ऐसा लालच दिया कि ठेकेदार अपने ही जाल में फंस गया और करीब सवा लाख रुपये गंवा बैठा।

झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुरम निवासी ठेकेदार कमलकांत यादव को 24 अप्रैल को फेसबुक पर ‘लकी चार्ल्स’ नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मामला व्हाट्सएप तक पहुंच गया। यहां ठग ने खुद को लंदन की डॉक्टर बताते हुए भरोसा जीतना शुरू किया। महिला ने कहा कि वह भारत घूमने आने वाली है और अपने साथ 95 हजार ब्रिटिश पाउंड ला रही है, जिन्हें भारतीय मुद्रा में बदलवाने में मदद करने पर मोटा कमीशन मिलेगा।

विदेशी महिला के साथ दोस्ती और पैसे कमाने के लालच में कमलकांत उसकी बातों में आ गया। इसके बाद 27 अप्रैल को उसके पास मुंबई एयरपोर्ट कर्मचारी बनकर फोन आया। कॉल करने वाली महिला ने कहा कि आपके नाम से विदेशी करेंसी आई है, लेकिन उसे रिलीज कराने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी।

ठगों ने पहले 38 हजार 500 रुपये और फिर 88 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल 1 लाख 27 हजार 100 रुपये आरोपी ठगों के खाते में पहुंच गए। लेकिन जब ठगों ने दोबारा 70 हजार रुपये की मांग की, तब जाकर ठेकेदार को शक हुआ कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुका है।

साइबर ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्वालियर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान विदेशी प्रोफाइल, फ्रेंड रिक्वेस्ट और लालच देने वाले ऑफर्स से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या पैसों की मांग होने पर तुरंत पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *