उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में इन दिनों वीआईपी और सेलिब्रिटीज का लगातार आगमन हो रहा है। इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्मों और टीवी जगत की चर्चित अभिनेत्री मोनालिसा यानी अंतरा बिस्वास अपने पति और फिल्म अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत के साथ तड़के सुबह उज्जैन पहुंचीं। दोनों ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मोनालिसा और विक्रांत सिंह राजपूत करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में शामिल रहे। इस दौरान दोनों पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। भस्म आरती के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन और अभिषेक किया, साथ ही नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के माध्यम से जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों कलाकारों का सम्मानपूर्वक स्वागत भी किया गया।
भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार मोनालिसा टीवी जगत का भी बड़ा चेहरा हैं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता बिग बॉस 10 से मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘नज़र’ और ‘नमक इश्क का’ जैसे चर्चित टीवी धारावाहिकों में दमदार भूमिकाएं निभाई हैं। मोनालिसा अब तक हिंदी, भोजपुरी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और ओड़िया फिल्मों में काम कर चुकी हैं और 200 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुकी हैं। उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री के दिग्गज सितारों पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल यादव के साथ भी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है।

