ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक ही दिन में दो नवविवाहित महिलाओं की आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दोनों महिलाओं ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पहली घटना में मोबाइल रिचार्ज को लेकर विवाद की बात सामने आई है, जबकि दूसरी घटना में अब तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित घोसीपुरा इलाके की है, जहां 23 वर्षीय नवविवाहिता सोनम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सोनम की शादी इसी साल 11 फरवरी को संतोष नाम के युवक से हुई थी। परिवार के लोगों के मुताबिक सोनम मोबाइल रिचार्ज कराने की बात को लेकर अपने पति से नाराज थी। इसी बात से आहत होकर उसने यह बड़ा कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना गेरू बंगला बारादरी चौराहा इलाके की है, जहां 24 वर्षीय ज्योति उर्फ मेघा ने अपने मायके में बाथरूम के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार ज्योति की शादी 25 अप्रैल 2026 को सिद्धार्थ नामक युवक से हुई थी। घटना के समय वह अपने मायके आई हुई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल इस मामले में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
दोनों मामलों में मुरार पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में दोनों नवविवाहिताओं ने इतना बड़ा कदम उठाया। ग्वालियर में एक ही दिन में हुई इन दो घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

