भोपाल। राजधानी भोपाल का संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन अब जल्द ही पूरी तरह बदला हुआ नजर आने वाला है। केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को हाईटेक, आधुनिक और वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। करीब 30 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से स्टेशन का तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं और शानदार अनुभव मिल सके।
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं। स्टेशन पर अलग-अलग एंट्री और एग्जिट गेट बनाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही आसान और व्यवस्थित हो सके। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष रैंप, संकेतक और अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
इसके साथ ही स्टेशन पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा रही है, जिससे वाहनों की पार्किंग में होने वाली परेशानी खत्म होगी। स्टेशन के शौचालयों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जा रहा है और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है।
गर्मी, बारिश और धूप से यात्रियों को राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर बड़े कवर ओवर शेड लगाए जा रहे हैं। वहीं प्लेटफॉर्म की सतह को भी नया और बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक माहौल मिल सके।
स्टेशन भवन के बाहरी हिस्से से लेकर अंदरूनी एरिया और वेटिंग हॉल तक को मॉडर्न डिजाइन दिया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुराने फुट ओवर ब्रिज का विस्तार और पुनर्स्थापन किया जा रहा है। साथ ही स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म के बीच आने-जाने में आसानी होगी और भीड़भाड़ कम होगी।
रेलवे अधिकारियों का दावा है कि काम पूरा होने के बाद संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन सिर्फ सफर का ठिकाना नहीं बल्कि यात्रियों के लिए एक आधुनिक और शानदार अनुभव का केंद्र बन जाएगा।

