लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष विभाग में 202 पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में प्रतिभा और योग्यता के आधार पर भर्ती हो रही है, किसी के साथ अन्याय नहीं किया जाता।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति में प्रतिभा होती है, जरूरत सिर्फ उसे सही मंच देने की होती है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर हमला बोलते हुए कहा कि घूसखोरी व्यवस्था को घुन की तरह खोखला कर देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मेहनती युवाओं का शोषण होता था और जाति-मजहब देखकर भर्तियां की जाती थीं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू है और बिना सिफारिश के योग्य युवाओं को नौकरी मिल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश तेजी से विकास करने वाला राज्य बना है। आज यूपी सबसे ज्यादा नियुक्ति पत्र देने वाला, सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे बनाने वाला और किसानों को सबसे अधिक प्रोत्साहन देने वाला राज्य बन चुका है।
सीएम योगी ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में उद्योगों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 32 हजार के पार पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की पारदर्शी और संवेदनशील नीतियों का परिणाम है कि अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी युवा ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाएंगे और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करेंगे।

