जबलपुर में UCC के खिलाफ मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; बोलीं- धर्म पालन की आजादी मिले

 जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने प्रदर्शन किया। जमात-ए-इस्लामी हिंद की महिला विंग की सदस्यों ने सड़क पर उतरकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और सरकार के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने UCC को मुस्लिम पर्सनल लॉ और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए इसका विरोध किया। महिलाओं का कहना था कि देश में सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने धार्मिक नियमों और परंपराओं के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

महिलाओं ने कहा- शरीयत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

जमात-ए-इस्लामी हिंद महिला विंग की सदस्य नाजिया बानो ने कहा कि UCC के तहत बनाए गए प्रावधानों का वे विरोध करती हैं। उनका कहना है कि भारतीय संविधान नागरिकों को अपने धर्म का पालन और प्रचार-प्रसार करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन UCC में मुस्लिम पर्सनल लॉ से जुड़े अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं महिला विंग की सदस्य तैय्यबा अंबर ने कहा कि वे एकजुट होकर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हैं और संविधान के अनुसार मुस्लिम समुदाय को भी अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने UCC को वापस लेने की मांग की और कहा कि उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से अपने धार्मिक विश्वासों के अनुसार जीवन जीने की पूरी आजादी दी जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और महिलाओं ने अपना ज्ञापन प्रशासन के सामने रख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *