दतिया उपचुनाव के बीच लहार में सीएम मोहन यादव की एंट्री! लाड़ली बहना योजना के साथ साधेंगे चुनावी समीकरण

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। भाजपा द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आया। नाराज समर्थकों ने प्रदर्शन किया, कई जगह हंगामा हुआ और पुलिस पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा।

इसी राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र के भाटन ताल पहुंचेंगे। यहां वे लाड़ली बहना योजना की अगली किस्त सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की महिलाओं के खातों में जारी करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा ले रहे हैं, ताकि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

राजनीतिक गलियारों में इस कार्यक्रम को सिर्फ सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि दतिया उपचुनाव के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। टिकट बदलने के बाद भाजपा को अंदरूनी असंतोष और संभावित भितरघात की चिंता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा संगठन को एकजुट करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर मंच के पीछे पांच विशेष कक्ष तैयार किए गए हैं, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता दतिया उपचुनाव की रणनीति, संगठन की स्थिति और आगे की चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर सकते हैं।

अब सभी की नजर दतिया उपचुनाव पर टिकी है। देखना होगा कि भाजपा का नया चुनावी दांव कितना असर दिखाता है और बदले हुए राजनीतिक समीकरणों के बीच यह मुकाबला किस दिशा में आगे बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *