भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस को बड़ा झटका लगने की चर्चा है, क्योंकि 2023 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए वरिष्ठ नेता अवधेश नायक ने अब एक बार फिर बीजेपी में वापसी के संकेत दिए हैं। उनके इस रुख ने दतिया की चुनावी राजनीति को और दिलचस्प बना दिया है।
अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनके निवास पर कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के नेता और प्रत्याशी उनसे मिलने पहुंचे थे। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की है, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी उनके घर पहुंचे थे।
हालांकि अवधेश नायक ने साफ किया कि उन्होंने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। उनका कहना है कि वे पहले अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीण क्षेत्र के साथियों से चर्चा करेंगे। अगले एक-दो दिनों में बातचीत पूरी होने के बाद ही वे अपना निर्णय सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका फैसला केवल दतिया के हित को ध्यान में रखकर होगा और जब तक वे स्वयं घोषणा नहीं करते, तब तक किसी भी तरह की अटकलों पर भरोसा नहीं किया जाए।
इधर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की अवधेश नायक से मुलाकात के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि उनकी जल्द ही भाजपा में घर-वापसी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो दतिया उपचुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
गौरतलब है कि अवधेश नायक लंबे समय तक भाजपा से जुड़े रहे थे, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले टिकट को लेकर नाराजगी के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। अब उपचुनाव से ठीक पहले उनके रुख ने कांग्रेस और भाजपा, दोनों खेमों की गतिविधियां तेज कर दी हैं।
अब सभी की नजर अगले एक-दो दिनों पर टिकी है, जब अवधेश नायक अपने अंतिम फैसले का ऐलान करेंगे। उनका निर्णय दतिया उपचुनाव की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है।

