इंदौर। मध्य प्रदेश में शिक्षा और युवाओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने नया सियासी अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर के आरएनटी मार्ग से भोपाल तक दो दिवसीय ‘शिक्षा बचाओ’ साइकिल यात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। यात्रा शुरू करने से पहले जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और बेरोजगारी को लेकर जमकर हमला बोला।
जीतू पटवारी ने कहा कि यह यात्रा किसी चुनावी लाभ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के छात्रों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उनका आरोप है कि पिछले कई वर्षों में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा भर्ती से जुड़े मामलों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने सवाल उठाया कि जब भी पेपर लीक, परीक्षा घोटाले या शिक्षा माफिया की चर्चा होती है तो भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने क्यों आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अब जवाब मांग रहे हैं और सरकार को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पटवारी ने कहा कि हर बच्चे को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में केजी से पीजी तक बेहतर और सुलभ शिक्षा सुनिश्चित की जाए तथा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों को परीक्षा व्यवस्था की खामियों का खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जीतू पटवारी ने बताया कि यह अभियान राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान से प्रेरित है। इसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की आवाज़ को प्रदेशभर तक पहुंचाना है।
करीब 200 किलोमीटर लंबी यह साइकिल यात्रा इंदौर से शुरू होकर भोपाल पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर छात्रों, युवाओं और आम लोगों से संवाद किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

