सिंगरौली में गंदे पानी से बढ़ी चिंता! 10 वार्डों में सप्लाई पर सवाल, पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

 सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। मोरबा जोन के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से घरों में चिपचिपा और गंदा पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस समस्या का असर करीब 10 वार्डों के लगभग 5 हजार नल कनेक्शनों पर पड़ रहा है, जिससे हजारों लोग प्रभावित हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों के विरोध और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद नगर निगम की टीम ने बिजुल नदी और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पानी में दिखाई दे रहा चिपचिपा पदार्थ क्या है और उसकी वजह क्या है।

जानकारी के अनुसार, सिंगरौली नगर निगम शहर के विभिन्न वार्डों में रिहंद डैम और मोरबा जोन में बिजुल नदी से पानी लेकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शुद्धिकरण के बाद पाइपलाइन से सप्लाई करता है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय-समय पर गंदे पानी की शिकायतें सामने आती रही हैं और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि बारिश के दौरान नदी में बाहरी तत्व या खदान क्षेत्रों का बहाव मिलने से पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पांडेय ने कहा कि बारिश के कारण पानी कुछ मटमैला हुआ है, लेकिन उसे पूरी तरह ट्रीटमेंट के बाद ही सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पानी में किसी अन्य पदार्थ की मौजूदगी संबंधी शिकायत की जानकारी मिलने पर इंजीनियरों की टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच जारी है। फिलहाल सभी की नजर अब पानी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *