छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बमनौर संकुल के अंतर्गत आने वाली शासकीय माध्यमिक शाला हैदराबाद में पदस्थ एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रों से शराब मंगवाने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक भगवानदास अहिरवार अक्सर शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं। इतना ही नहीं, आरोप है कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे शराब की व्यवस्था कराई जाती है और नाबालिग छात्रों को शराब लाने के लिए भेजा जाता है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शराब ठेके पर भी उठे सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के आसपास मौजूद शराब ठेके से नाबालिग बच्चों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है। अगर ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था दोनों के लिए बेहद गंभीर मामला है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य को संवारने की जगह अगर इस तरह की गतिविधियों का केंद्र बन रहा है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में जांच के बाद क्या कार्रवाई करता है और क्या आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया जाता है।

