उज्जैन। श्रावण माह में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में भक्ति और संगीत का खास संगम देखने को मिलेगा। सुप्रसिद्ध गायक बी प्राक आज तड़के उज्जैन पहुंचे और भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।
भस्म आरती के दौरान बी प्राक पूरी तरह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि श्रावण माह में बाबा महाकाल के दरबार में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
बी प्राक ने उज्जैन में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के सुगम और सरल दर्शन का लाभ मिल रहा है।
इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से बी प्राक का स्वागत और सत्कार भी किया गया।
अब रविवार की शाम उज्जैन में भक्ति और संगीत की एक और खास तस्वीर देखने को मिलेगी। शक्तिपथ पर ‘शिवतत्व श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बी प्राक भगवान शिव पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देंगे।
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के समन्वय से आयोजित यह विशेष कार्यक्रम शाम 7 बजे शक्तिपथ पर, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में होगा।
कार्यक्रम में बी प्राक और मुंबई से आए उनके साथी कलाकार भगवान शिव की आराधना और भक्ति से जुड़ी विशेष प्रस्तुतियां देंगे।
यानी श्रावण के इस पावन महीने में उज्जैन की शाम भगवान शिव की भक्ति और बी प्राक की सुरीली आवाज से सराबोर होने वाली है।
बाबा महाकाल की भस्म आरती से शुरू हुई बी प्राक की उज्जैन यात्रा अब शिव भजनों की मधुर स्वर लहरियों के साथ श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार शाम में बदलने जा रही है।

