मध्य प्रदेश के दमोह जिले में खाद की कमी और टोकन नहीं मिलने से नाराज किसानों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। तेंदूखेड़ा में बड़ी संख्या में किसानों ने दमोह-जबलपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि वे कई दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो टोकन मिल रहा है और न ही खाद। किसानों ने कहा कि खेती का समय निकलता जा रहा है, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है।
किसानों ने प्रशासन के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें 5 हजार बोरी खाद वितरित किए जाने की बात कही गई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में खाद बांटी गई है, तो आखिर वह खाद किन किसानों को मिली, क्योंकि अधिकांश किसान अब भी खाली हाथ लौट रहे हैं।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द ही खाद वितरण व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया।
काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका। हालांकि किसानों ने साफ कर दिया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

