भोपाल। मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने प्रदेशवासियों से खास अपील की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने को कहा है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी और कहा कि इस भीषण गर्मी में खुद को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जब भी घर से बाहर निकलें तो अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो और लू से बचा जा सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज में सेवा भाव से काम कर रहे लोगों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जो नागरिक अपने घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, उनका यह कार्य बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक है।
सीएम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पानी पिलाने वाली सामाजिक संस्थाओं को भी साधुवाद दिया और कहा कि यह सेवा का बहुत बड़ा उदाहरण है।
वहीं दूसरी तरफ नौतपा के तीसरे दिन भी प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। कई शहरों में तापमान इतना बढ़ गया कि मध्यप्रदेश ने राजस्थान के चूरू और जैसलमेर जैसे इलाकों को भी पीछे छोड़ दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक खजुराहो और नौगांव में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी भोपाल में भी पारा 43.6 डिग्री दर्ज किया गया।
देश के 40 सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्यप्रदेश के 12 शहर शामिल हैं। मौसम विभाग ने छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही भोपाल संभाग, बुंदेलखंड, विंध्य और महाकौशल क्षेत्रों में भी तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है।

