उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर से जुड़े चर्चित मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का बचाव किया है। झांसी में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि चंपत राय एक आदरणीय, पूजनीय और रामकाज के लिए पूरी तरह समर्पित रामभक्त हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगना और आरोप साबित होना दोनों अलग-अलग बातें हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने साफ कहा कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
केशव मौर्य ने कहा कि भगवान श्रीराम की सेवा में सदैव समर्पित रहने वाले श्री हनुमान जी महाराज न्याय के प्रतीक हैं। यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसे उसके कर्मों की सजा अवश्य मिलेगी। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
इससे पहले भी केशव मौर्य इस मुद्दे पर कड़ा रुख दिखा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यदि किसी ने दानपात्र या मंदिर के धन में किसी प्रकार की गड़बड़ी की है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि मंदिर का धन गलत तरीके से उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को अपने कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद मामले की जांच के लिए एसआईटी जांच कर रही है। इसी क्रम में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और गोपाल राव से भी विस्तृत पूछताछ की गई है। जांच एजेंसियां चढ़ावे की व्यवस्था, सुरक्षा और संबंधित प्रक्रियाओं की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सभी की नजर अब एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

