ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा अपडेट, पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट जब्त करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जांच के दौरान वह देश छोड़कर बाहर न जा सके।

जानकारी के मुताबिक भोपाल पुलिस शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे समर्थ सिंह को जबलपुर से लेकर राजधानी पहुंची थी। आरोपी को सीधे कटारा हिल्स थाने लाया गया, जहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाने के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी।

शनिवार को कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह का मेडिकल परीक्षण भोपाल के जेपी अस्पताल में कराया। वहीं दूसरी तरफ ट्विशा शर्मा के परिजन लगातार मामले में निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे थे। इस मांग को लेकर परिवार जबलपुर हाईकोर्ट पहुंचा, जहां से उन्हें राहत मिली और हाईकोर्ट ने अभिनेत्री के शव का री-पोस्टमार्टम कराने का फैसला सुनाया।

अब ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली एम्स ने चार वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम गठित की है। बताया जा रहा है कि यह टीम आधुनिक फोरेंसिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों के साथ शनिवार शाम करीब 6 बजे राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से दिल्ली से रवाना होगी और देर रात भोपाल पहुंचेगी।

इस हाई प्रोफाइल मामले पर अब पूरे प्रदेश की नजर बनी हुई है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *