नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से एक बड़ा विवाद सामने आया है, जहां ट्रेडमार्क और कॉपीराइट को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है और अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कौन झूठा है और कौन सच्चा।
दरअसल, पतंजलि फूड्स लिमिटेड के ‘तुलसी’ ब्रांड के नाम पर नकली ट्रेडमार्क और कॉपीराइट के इस्तेमाल को लेकर न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने कार्यवाही के आदेश दिए। इसी के चलते नरसिंहपुर के करेली के जोहारिया स्थित अनिल इंडस्ट्रीज पर पतंजलि की लीगल टीम ने कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि ‘तुलसी’ नाम से खाद्य तेल बेचने का अधिकार पतंजलि फूड्स लिमिटेड के पास है और इस ब्रांड नाम के साथ किसी भी प्रकार का बदलाव कर बिक्री करना कानूनी रूप से गलत माना जाता है। इसी आधार पर कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।
लेकिन इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब अनिल इंडस्ट्रीज के मालिक ने पतंजलि पर ही गंभीर आरोप लगा दिए। उनका कहना है कि पतंजलि उन पर अपने ब्रांड के खाद्य तेल बेचने के लिए दबाव बनाती है और जब वे ऐसा नहीं करते, तो इस तरह की कानूनी कार्यवाहियों के जरिए उन्हें परेशान किया जाता है।
इतना ही नहीं, अनिल इंडस्ट्रीज के मालिक ने दावा किया कि वे ‘तुलसी’ नाम से जो खाद्य तेल बेच रहे हैं, उसके लिए ट्रेडमार्क और कॉपीराइट से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं और इसका सार्वजनिक इश्तहार भी अखबारों में दिया गया था, जिस पर किसी ने आपत्ति नहीं जताई।
अब इस पूरे मामले में सच्चाई क्या है, यह तो न्यायालय के फैसले के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन फिलहाल यह विवाद व्यापारिक दुनिया में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

