पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों पर सियासी संग्राम! अखिलेश के सवालों पर भड़के केशव मौर्य, बोले- उन्हें अच्छे इलाज की जरूरत है

लखनऊ। पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा चुनाव नतीजों पर सवाल उठाए जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार किया है।

केशव मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणाम आने के बाद से अखिलेश यादव पूरी तरह हताशा में डूब गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “इस समय उन्हें बहुत अच्छे डॉक्टर से बहुत अच्छे तरीके से इलाज की आवश्यकता है।”

डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने इतिहास में पहली बार ऐसा देखा है कि कोई पार्टी चुनाव हारने के बाद भी सत्ता छोड़ने को तैयार न हो। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा न देने की बात लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

केशव मौर्य ने भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब जैसी खुशी कार्यकर्ताओं को मिली थी, वैसी ही खुशी अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे, अपराध और माफियाओं का बोलबाला था। भाजपा ने “ना गुंडागर्दी, ना भ्रष्टाचार” का नारा देकर जनता का भरोसा जीता और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत की।

केशव मौर्य ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत के साथ बड़ी जीत हासिल की है और यह जीत जनता के विश्वास का प्रतीक है।

वहीं दूसरी ओर, विपक्ष लगातार चुनाव प्रक्रिया और नतीजों को लेकर सवाल खड़े कर रहा है, जिससे राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *