सिंगरौली में जन विश्वास शिविर में हंगामा! SDM की गाड़ी के सामने लाठी लेकर खड़े हुए युवक, वीडियो वायरल

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में जन विश्वास शिविर के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब दो युवक लाठी लेकर दंडाधिकारी और देवसर SDM डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम के वाहन के सामने खड़े हो गए। युवकों ने अधिकारियों का रास्ता रोककर अपने इलाके की बदहाल व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और मौके पर ही समस्या का निरीक्षण कराने की मांग की।

दरअसल, देवसर विधानसभा क्षेत्र के गन्नई में जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया था। इसी दौरान दो युवक हाथ में लाठी लेकर SDM की गाड़ी के सामने आ गए। युवकों का कहना था कि उनके इलाके में सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी भवन की हालत बेहद जर्जर है। उनका आरोप था कि इन जर्जर भवनों में मासूम बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

युवकों की मांग थी कि अधिकारी मौके पर पहुंचें और जर्जर स्कूल तथा आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करें। उनका सवाल था कि आखिर कब तक सिर्फ आश्वासन मिलता रहेगा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या पर कब ठोस कार्रवाई होगी।

हंगामे के बीच देवसर SDM डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम युवकों को समझाते हुए भी नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जन विश्वास शिविर में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का दावा किया जाता है, लेकिन यहां जनता को अपनी बात रखने के लिए अधिकारी की गाड़ी तक रोकनी पड़ी। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर प्रशासन तक ग्रामीणों की आवाज समय रहते क्यों नहीं पहुंच रही है।

अब देखना होगा कि इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन की स्थिति का कब निरीक्षण करता है और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *