डिजिटल दौर में जहां तकनीक ने लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, वहीं साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इन्हीं खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दमोह पुलिस ने एक अनोखी पहल करते हुए ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया। दमोह के ऐतिहासिक तहसील ग्राउंड से शुरू हुई इस मैराथन में हजारों युवाओं, छात्रों और नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।
मैराथन को सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और लोगों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, बैंक अधिकारी बनकर आने वाले धोखाधड़ी भरे कॉल और सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना था। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि बिना जांचे-परखे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते समय पूरी सावधानी बरतें।
मैराथन के दौरान लोगों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई और बताया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत इस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि आज साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का उद्देश्य लोगों को डिजिटल रूप से सुरक्षित और सतर्क बनाना है, ताकि वे ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें। इस पहल को शहरभर में लोगों ने सराहा और इसे साइबर सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

