बहनों को मिली ई-साइकिल की सौगात! उज्जैन पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- पेट्रोल-डीजल के बढ़ते खर्च में बड़ी राहत बनेगी, PM मोदी के 12 साल के कार्यकाल को बताया सुशासन की मिसाल

 उज्जैन। उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रिक साइकिल वितरित की। यह ई-साइकिल एक कंपनी द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व निधि के तहत उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ई-साइकिल मिलने से बहनों को अपने रोजमर्रा के कार्यों में काफी सुविधा होगी और पेट्रोल-डीजल पर होने वाला खर्च भी बचेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में ई-साइकिल एक उपयोगी और किफायती विकल्प बनकर उभर रही है। अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से आई महिलाओं को यह साइकिल उनके कार्यक्षेत्र में आने-जाने में मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के खर्च के दौर में ई-साइकिल महिलाओं के लिए राहत का बड़ा माध्यम साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सुशासन की नई मिसाल कायम की है और भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

सीएम ने कहा कि वे बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे भी पूरी ताकत और ऊर्जा के साथ देशवासियों की सेवा करते रहें। अंत में उन्होंने सभी महिला लाभार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *