ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया है। आमतौर पर ससुराल में बहुओं के उत्पीड़न की खबरें सामने आती हैं, लेकिन इस बार मामला बिल्कुल उल्टा है। यहां एक मां और उसका बेटा अपनी ही बहू से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंचे हैं। पति का आरोप है कि पत्नी उसे उसके सांवले रंग को लेकर लगातार अपमानित करती है, मारपीट करती है और महंगे सामान की डिमांड पूरी न होने पर आत्महत्या की धमकी देती है।
ग्वालियर के गोशपुरा नंबर एक निवासी अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ एसपी दफ्तर पहुंचीं और बहू लतेश माहौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि बहू पति के रंग को लेकर उसे ताने मारती है और समाज में नीचा दिखाने की कोशिश करती है। इतना ही नहीं, वह लगातार iPhone और घर में AC लगाने की मांग करती है। जब पति उसकी ये डिमांड पूरी नहीं कर पाता, तो वह दहेज के झूठे केस में फंसाने और खुदकुशी करने की धमकी देने लगती है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि बहू ने दो बार फांसी लगाने की कोशिश भी की, जिससे पूरा परिवार डर और तनाव में जी रहा है। मां अतर देवी ने आरोप लगाया कि बहू के माता-पिता भी उसे ससुराल वालों को परेशान करने के लिए उकसाते हैं और कहते हैं कि इतना दबाव बनाओ कि खुद ही तलाक दे दें।
परिवार ने पुलिस को कथित प्रताड़ना के वीडियो भी सौंपे हैं। उनका कहना है कि पहले किलागेट थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उन्हें एसपी ऑफिस पहुंचना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऑफिस के अधिकारियों ने शिकायत को संज्ञान में लिया है और पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि पारिवारिक विवाद के पीछे की असली सच्चाई क्या है और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

