महाकाल की सवारी में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश! श्रद्धालुओं को बांटे गए 11 हजार पौधे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ का लिया संकल्प

उज्जैन। सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा महाकाल की चतुर्थ सवारी में भक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। महाकाल की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को अलग-अलग किस्म के करीब 11 हजार पौधों का वितरण किया गया।

पर्यावरण संरक्षण और उज्जैन के सौंदर्यीकरण की थीम पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना और सिंहस्थ महापर्व के दौरान हरित अभियान को मजबूत करना था।

रामघाट से शुरू हुआ पौधा वितरण अभियान

रामघाट पर राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज, महापौर मुकेश टटवाल, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट ने श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए।

इसके बाद बाबा महाकाल की सवारी के पूरे मार्ग पर भी श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इस पहल में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और पौधे अपने साथ लेकर गए।

‘एक पेड़ मां के नाम’ का लिया संकल्प

प्रकृति संरक्षण की इस पहल की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की। इस दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर के आंगन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण करेंगे और उसकी देखभाल भी करेंगे।

महाकाल की सवारी में भक्ति और आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश अब सिंहस्थ महापर्व के हरित अभियान को भी नई मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *