भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में अब एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मौत से पहले ट्विशा की व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट्स सामने आई हैं, जिनमें उनकी मानसिक पीड़ा, प्रताड़ना और टूटते हुए हौसले की दर्दनाक कहानी साफ दिखाई दे रही है।
सामने आई चैट्स के मुताबिक ट्विशा लगातार अपनी मां, भाई और सहेली से मदद की गुहार लगा रही थीं। उन्होंने अपनी मां को भेजे एक मैसेज में लिखा था— “मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी…” वहीं मौत से कुछ दिन पहले उन्होंने एक और दर्दभरा मैसेज भेजा— “मुझे यहां से ले जाओ, ये जीने नहीं देंगे…”
चैट्स में यह भी खुलासा हुआ है कि ट्विशा के पति समर्थ उन पर लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे और उनके चरित्र पर सवाल उठा रहे थे। ट्विशा ने अपनी मां को बताया था कि समर्थ उनसे पूछ रहा था— “किसका बच्चा था जो एबॉर्ट किया है?” इस तरह के सवालों और आरोपों से वह पूरी तरह टूट चुकी थीं।
इतना ही नहीं, ट्विशा ने अपनी सहेली से बातचीत में यह भी कहा था कि वह शादी करके फंस गई हैं। चैट्स के मुताबिक उन पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव भी बनाया जा रहा था और वह लगातार अपने पिता से पैसे मंगवाती थीं।
सबसे चौंकाने वाली बात उस चैट में सामने आई, जिसमें ट्विशा ने लिखा कि उनका पति उनके पिता को भी अपमानित करना चाहता था। ट्विशा ने मैसेज में लिखा— “समर्थ पापा से नाक रगड़वाकर माफी मंगवाना चाहता है… मेरा दम घुट रहा है यहां… अब कुछ सही नहीं हो सकता…”
इन चैट्स के सामने आने के बाद अब पुलिस जांच का दायरा और बढ़ गया है। माना जा रहा है कि ये मैसेज इस पूरे मामले में अहम और मजबूत सबूत साबित हो सकते हैं। वहीं इस मामले को लेकर लोगों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है।

