लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi दो दिन के उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने सांसद निधि से बने बारात घर का लोकार्पण किया और जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय के लिए लोगों को तैयार रहना चाहिए।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में “आर्थिक तूफान” आने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस आर्थिक मॉडल को तैयार किया है, वह टिकने वाला नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि अडाणी-अंबानी आधारित यह पूरा ढांचा अब टूटने की कगार पर है और इसका सबसे बड़ा असर आम जनता पर पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि इस आर्थिक संकट का नुकसान बड़े उद्योगपतियों या सत्ता में बैठे लोगों को नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बेहद कठिन हो सकता है और देश के आम लोगों को इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ लोगों को विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री खुद लगातार विदेश दौरों पर जा रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक चुनौतियों से निपटने के बजाय सिर्फ बयानबाजी में लगी हुई है।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले चुनावी माहौल में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर रहने वाली है।

