‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की मध्यप्रदेश में एंट्री! भोपाल में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, सिस्टम के खिलाफ आंदोलन का ऐलान, करोड़ों युवाओं को जोड़ने का दावा

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज एक नई राजनीतिक संगठन “कॉकरोच जनता पार्टी” ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की राजनीति में औपचारिक एंट्री कर ली। पार्टी पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूदा सिस्टम, युवाओं की समस्याओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार और व्यवस्था पर निशाना साधा।

पार्टी के प्रदेश संयोजक मयंक ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या किसी एक राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है, बल्कि उस पूरे सिस्टम के खिलाफ है जिसने करोड़ों युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटाले, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की अनदेखी ने नई पीढ़ी को निराश कर दिया है और अब इसी के खिलाफ “कॉकरोच जनता पार्टी” एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि जल्द ही मध्यप्रदेश में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसकी नियमावली तैयार की जा रही है। पार्टी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उसे तेजी से समर्थन मिल रहा है और अब तक करीब दो करोड़ लोगों तक उसकी पहुंच बन चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा लोग मध्यप्रदेश से जुड़े हुए हैं।

मयंक ने दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी के सदस्यों की संख्या पूरे देश में 25 करोड़ के पार पहुंच सकती है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वे युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेंगे और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान और आंदोलन शुरू किए जाएंगे।

भोपाल में हुई इस पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अब “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *