2027 में फिर लौटेगी BJP सरकार? Axis My India के सर्वे ने बढ़ाई सपा की टेंशन, योगी सरकार पर जनता का भरोसा बरकरार होने का दावा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल अभी से गर्म होने लगा है। इसी बीच Axis My India के प्रमुख प्रदीप गुप्ता के एक बड़े दावे ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है। प्रदीप गुप्ता ने दावा किया है कि फिलहाल भाजपा को 2027 चुनाव को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि प्रदेश की जनता का भरोसा अब भी योगी आदित्यनाथ सरकार पर कायम है।

एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में प्रदीप गुप्ता ने कहा कि ग्राउंड लेवल पर किए गए सर्वे में बड़ी संख्या में लोग योगी सरकार के कामकाज से संतुष्ट दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और सुशासन जैसे मुद्दों पर लोगों का सरकार के प्रति सकारात्मक नजरिया बना हुआ है।

Axis My India को चुनावी एग्जिट पोल में सटीक आंकड़ों के लिए जाना जाता है। ऐसे में प्रदीप गुप्ता के इस दावे को राजनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यूपी में चल रहे अलग-अलग सर्वे में भी भाजपा की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है।

सर्वे के दावों के बाद समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की चिंता बढ़ सकती है। क्योंकि एक तरफ अखिलेश यादव लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाओं में योगी सरकार पर हमलावर हैं, वहीं दूसरी तरफ सर्वे में जनता का मूड भाजपा के पक्ष में बताया जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक लोगों का मानना है कि योगी सरकार में अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है। खासतौर पर बुलडोजर नीति और कानून व्यवस्था को लेकर जनता सरकार के कामकाज को बेहतर मान रही है।

एक अन्य सर्वे में भी भाजपा की वापसी का अनुमान जताया गया है। 403 विधानसभा सीटों पर किए गए सर्वे में भाजपा को करीब 256 सीटों पर बढ़त मिलने की बात कही गई, जबकि समाजवादी पार्टी को लगभग 135 सीटें मिलने का अनुमान सामने आया।

अब इन सर्वे और दावों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष के सामने जनता का भरोसा जीतने की बड़ी चुनौती खड़ी होती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *